बनती रही मिलावटी शराब, सोया रहा आबकारी विभाग
शामली। जिले में मिलावटी शराब बनती रही और आबकारी विभाग सोया रहा। कांधला में पकड़ा गया शराब का जखीरा पंचायत चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा था। साथ ही बागपत के सरकारी ठेकों पर भी यहां से शराब की सप्लाई होती थी। इस संबंध में एसपी सुकीर्ति माधव ने बागपत एसपी को रिपोर्ट भेजी है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर शराब की खपत होती है। इसलिए शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। आबकारी विभाग छोटी मोटी कार्रवाई कर अपनी पीठ थपथपा लेता है, लेकिन कांधला में बड़े पैमाने पर मिलावटी शराब बन रही थी, इसकी विभाग को भनक तक नहीं लगी। पंचायत चुनाव के लिए ही नहीं बल्कि बागपत के सरकारी ठेकों पर भी यहां से मिलावटी शराब की सप्लाई होने की बात सामने आई है। ये लोग बाकायदा सरकारी ठेकों पर बिकने वाली शराब की तरह की पैकिंग तैयार करते थे तथा उस पर बार कोड आदि भी लगाया जाता था। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बागपत एसपी को यहां से शराब सप्लाई होने की रिपोर्ट भेजी गई है।
बागपत में हो चुकी हैं शराब पीने से पांच लोगों की मौत
शामली। बागपत के गांव चमरावल में मिलावटी शराब पीने से सितंबर माह में पांच लोगों की मौत हो गई थी, तब वहां मिलावटी शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया। फिर भी ठेकों पर मिलावटी शराब बिकती रही। कांधला में मिलावटी शराब के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि बागपत के सरकारी ठेकों पर वह शराब की सप्लाई करते थे।
इन्होंने कहा...
कांधला में पुलिस ने कार्रवाई कर शराब पकड़ी है। शामली जनपद के ठेकों पर मिलावटी शराब की बिक्री होने की बात सामने नहीं आई है।
- हरिओम सिंह, जिला आबकारी अधिकारी।