शामली। अखिल भारतीय चिकित्सा परिषद के महामंत्री अवधेश कुमार मिश्र ने कहा कि प्राकृतिक जीवन पद्धति को अपनाने से बीमार होने की संभावना बहुत कम हो जाती है। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को अपनाने पर जोर दिया।
वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति शामली के तत्वावधान में शनिवार को माजरा रोड स्थित चौधरी चरण सिंह बरात घर में आयोजित 21 दिवसीय आठवें निशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर के समापन और महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर समारोह का आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि अवधेश मिश्र ने कहा कि आज हम प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं, इसीलिए बीमारी हमें घेर रही है। यदि हम प्राकृतिक जीवन पद्धति को अपनाएं तो बीमार होने की संभावना बहुत कम रह जाती है। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को भारत की प्राचीन परंपरागत चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसे अपनाने पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि एसपी अभिषेक ने कहा कि सरकार भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही हैं। हर चिकित्सा पद्धति का अपना महत्व होता है। हमें यथासंभव गैर जरूरी खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। एसपी ने चिकित्सा शिविर में सहयोग करने वाले वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश विश्वकर्मा, महामंत्री देवेंद्र आचार्य, संरक्षक सत्य प्रकाश अग्रवाल, रामेश्वर दयाल आर्य, डॉ. सत्यपाल बागला, महिपाल शर्मा, श्रीपाल धामा योगाचार्य आदि के अलावा मुख्य चिकित्सक डॉ सतीश कुमार गर्ग, डॉ राज तायल और अन्य सहयोगियों को सम्मान चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर प्रमोदराय चंदेल, इंटरनेशनल नेचुरोपैथी लाइब्रेरी तेलंगाना हैदराबाद के प्रोफेसर जी रामेश्वरम, देवेंद्र आचार्य, सरदार राजेंद्र सिंह, रोज तोमर, नरेंद्र शर्मा, निरंजन सिंह, ओमलता गर्ग ,बाला विश्वकर्मा, अशोक गर्ग, रामदेव शर्मा, सतपाल आर्य, अशोक वशिष्ठ ,मदनलाल, हरिश्चंद्र, चमनलाल अरोरा, डॉ. ओमपाल सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेशचंद्र विश्वकर्मा ने की और संचालन देवेंद्र आचार्य ने किया।