संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जनपद के डिग्री कॉलेजों में पहली ओपन मेरिट से दाखिला प्रक्रिया जारी है। शनिवार को कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। सोमवार को ओपन मेरिट सूची का अंतिम दिन रहेगा, जिसके चलते संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध जनपद के चार राजकीय और एडेड कॉलेजों में इन दिनों दाखिला प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है। शनिवार को प्रथम जारी हुई ओपन मेरिट से दाखिला प्रक्रिया का प्रथम दिन रहा। दाखिला प्रक्रिया 20 तक जारी रहेगी। पहले दिन जारी सूची के अनुसार कम संख्या में दाखिले हुए हैं। शहर के वीवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि बीए में 191 की सूची जारी हुई थी, पहले दिन केवल 25 दाखिले हो पाए हैं। वहीं बीकॉम में कोई दाखिला नहीं हो सका। अभी तक केवल 120 में से कुल 36 दाखिले हो सके हैं। वहीं शहर के आरके पीजी कॉलेज में प्राचार्य एमके जल्ली ने बताया कि बीएससी एग्रीकल्चर में 160 सीटों के सापेक्ष 128 दाखिले हो चुके हैं। केवल स्पोर्ट्स कोटा, एससी व ईडब्ल्यूएस की सीटें बची हैं। सोमवार को सीटें पूरी होने की उम्मीद है।