- मखमूलपुर के ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर जांच कर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। गांव मखमूलपुर के कई ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री से मिलकर प्रशासन पर अवैध कब्जा मुक्त कराने के नाम पर शोषण करने का आरोप लगाया है। प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव मखमूलपुर में तालाब के निकट कश्यप, वाल्मीकि, धोबी समाज के दर्जनों मकान स्थित है। कुछ लोगों ने प्रशासन से मामले की शिकायत करते हुए तालाब के निकट भूमि पर बने निर्माण को ध्वस्त कराकर कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। प्रशासन ने मौके पर जमीन की पैमाइश करते हुए प्रशासन के बनाए गए शौचालयों व अन्य निर्माण ध्वस्त करा दिया था। आरोप है कि कार्रवाई के बाद भी प्रशासन ने ग्रामीणों के मकानों पर तीन-तीन फीट पर निशान लगाकर ध्वस्त कराने की तैयारी में जुटी है। जिसे लेकर आक्रोशित ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया।
शनिवार को दर्जनों ग्रामीण गांव जसाला में पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह के फार्म हाउस पर प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक से मिलने पहुंचे। जहां पर ग्रामीणों ने प्रभारी मंत्री और भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के समक्ष प्रशासन पर पक्षपात पूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके मकान तालाब व ग्राम समाज की संपत्ति में नहीं आते है। उसके बाद भी टीम ने अन्य लोगों से सांठगांठ कर उनके मकानों को तोड़ने की योजना बना ली है। जिससे कई ग्रामीण बेघर होने के कगार पर है। प्रभारी मंत्री ने प्रकरण के संबंध में प्रशासनिक अधिकारी से वार्ता कर राहत दिलाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान सुभाष, कृष्णा, देशराज, अमित, छोटू, हवा सिंह, संजय, मिंटू आदि मौजूद रहे।