कांधला। कस्बा एलम में फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने का मामला सामने आया है। एलम निवासी पुष्पेन्द्र पंवार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि नगर पंचायत एलम ने उनके अविवाहित बड़े भाई बृजेश पंवार के मृत्यु प्रमाणपत्र में अवैध रूप से संशोधन कर एक महिला को उनकी पत्नी दर्शाया है। परिजनों ने इसे संपत्ति हड़पने की साजिश बताते हुए प्रमाणपत्र को तत्काल निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, बृजेश पंवार का निधन 27 जुलाई 2024 को हुआ था। 13 अगस्त 2024 को नगर पंचायत ने उन्हें अविवाहित मानते हुए प्रमापत्र जारी किया था, जिसके आधार पर संपत्ति उनकी माता सुरेश देवी के नाम दर्ज हुई थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने मिलकर एक महिला को झूठे तरीके से बृजेश की पत्नी बताकर नगर पंचायत पर दबाव बनाया और एक नया प्रमाणपत्र जारी करवा लिया। पुष्पेन्द्र पंवार ने बताया कि इस साजिश की जानकारी मिलते ही उन्होंने 25 अगस्त को आपत्ति पत्र और 9 अक्टूबर को शपथपत्र नगर पंचायत को सौंप दिया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को प्रमाणपत्र में संशोधन कर नया प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। पीड़ित व्यक्ति ने डीएम से मामले पर संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की। वहीं प्रकरण के संबंध में जब अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। डीएम ने कहा कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।