- भारसी गांव में दिया वारदात को अंजाम, पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। गांव भारसी निवासी महिला की दहेज की मांग पूरी ना होने पर हत्या का आरोप परिजनों ने लगाया है।। महिला के पिता ने पति सहित दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है । जनपद बागपत थाना बड़ौत के गांव ट्योडी निवासी शिवानी उर्फ कामना की शादी 19 अप्रैल 2022 को कांधला थाना क्षेत्र के गांव भार सी निवासी सुमित शर्मा के साथ हुई थी । परिजनों के अनुसार, शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे खुश नहीं थे । लगातार उनकी पुत्री शिवानी शर्मा का मानसिक व शारीरिक रूप से उत्पीड़न किया जा रहा था । कुछ दिन पूर्व पति के द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की गई । जब उसकी पूर्ति नहीं हो पाई तो इन लोगों ने शिवानी को घर से निकाल दिया, लेकिन सामाजिक दबाव के चलते एक बार फिर से लड़की को ससुराल भेज दिया गया ।
आरोप है कि ससुराल पक्ष अपनी हरकत से बाज नहीं आया । बृहस्पतिवार रात्रि के समय ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन के माध्यम से सूचना दी की शिवानी की तबीयत अचानक खराब हो गई है । जब हम गांव पहुंचे तो शिवानी की मौत हो चुकी थी । आरोप है कि ससुरालियों ने उसकी हत्या कर दी है । उक्त प्रकरण में पिता धर्मेंद्र ने पति सुमित शर्मा व उसकी बहन हिमानी शर्मा को नामजद करते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।