- पुलिस की हर गतिविधि की सूचना पाकिस्तान में बैठे दिलशाद मिर्जा को व्हाटस्एप पर देता था तहसीम, एसटीएफ ने चेट की सार्वजनिक
- मार्च से लेकर 8 अगस्त तक 20 से अधिक बार तहसीम ने दिलशाद मिर्जा से की बात, फोटो शेयर करने से लेकर पुलिस की दबिश की भी दी थी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। मोमीनपुरा से पकड़े गए आईएसआई एजेंट कलीम मामले में प्रतिदिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। कलीम का भाई तहसीम आईएसआई एजेंट पाकिस्तान में बैठे दिलशाद मिर्जा और अन्य को यूपी पुलिस की तरह गतिविधियों की सूचना देता था। आठ अगस्त को तहसीम के फूफा के लड़के को पुलिस ने हिरासत में लिया था, तो तहसीम ने व्हाट्सएप के माध्यम से दिलशाद मिर्जा को सूचना दी थी, उसे बचाने की गुहार लगाई थी। यही नहीं मार्च से लेकर 8 अगस्त तक 20 से अधिक बार दिलशाद मिर्जा ओर दो अन्य नंबरों पर व्हाट्सएप से ही बात की। पुलिस से बचाने की गुहार लगाई थी।
एसटीएफ का दावा तहसीम ने इन तारीखों में की दिलशाद मिर्जा से बात
छह अगस्त, आठ अगस्त, 18 जून, तीन जुलाई, 10 जुलाई, 11 जुलाई, 19 जुलाई, 11 मई, 18 मई, सात अप्रैल, 24 अप्रैल, 29 अप्रैल, 18 मार्च, 19 र्माच, 28 मार्च, पांच अप्रैल, चार अप्रैल आदि।
दिलशाद मिर्जा और तहसीम के बीच व्हाट्सएप पर हुई चेट के प्रमुख अंश....
चेट नंबर एक
दिलशाद मिर्जा : कश्मीर जा रहा हूं बस के अंदर हूं, बात नहीं हो सकती। कल बात कर लेना
तहसीम : भाई बात कर लो बहुत दिक्कत में हैं
दिलशाद मिर्जा : कोई खास बात हो तो मैसेज कर लो
तहसीम : हमारे यहां पर पुलिस आई थी।
दिलशाद मिर्जा : लिखने के बाद डिलीट कर देना, किस लिए
तहसीम : पुलिस खालू के लड़के को ले गई।
दिलशाद मिर्जा : किस लिए
तहसीम : बात कर लो जी
दिलशाद : साथ में लाेग बैठे हैं
तहसीम : फिर कब होगा राफ्ता
दिलशाद : कल इंशाअल्लाह।
दूसरी चेट कुछ इस तरह से है
तहसीम : भाई जी कब बात होगी
दिलशाद : मैं आ गया हूं, आज रात में बात होगी इंशा अल्लाह।
तहसीम : कब
दिलशाद : रात में आठ बजे होगी।
तीसरी चेट
दिलशाद : रास्ते में हूं , घर जा रहा हूं
तहसीम: कितनी देर में बात होगी। तहसीम ने दो बार वॉयस कॉल भी की मगर रिसीव नहीं की गई। भाई जी आपका वो काम हो गया है।
दिलशाद : मंगलवार को बात करता हूं।
चेट में दिख रहा है कि मेरठ कैंट और कुछ फोटो भी पाकिस्तान भेजे गए हैं।
नोट : चेट दिलशाद मिर्जा और तहसीम के बीच ही हो रही है या फिर किसी ओर की अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है। एसटीएफ मेरठ के अनुसार, खबर में दिलशाद और तहसीम का नाम लिखा गया है।
रिश्तेदारों ने आना कर दिया बंद, अब मोहल्ला छोड़ने की तैयारी में लोग
शामली के मोमीनपुरा से कलीम के पकड़े जाने के बाद मोहल्ले के लोग दहशत में हैं। लोगों ने बताया कि पिछले कुछ समय से आए दिन पुलिस उनके घरों में आ धमकती है। कहा जाता है कि कलीम और उसके परिवार के बारे में बताओ, जिससे वे परेशान है। यही नहीं, रिश्तेदारों ने भी आना बंद कर दिया है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि अब वे यहां से जाने की तैयारी में हैं। जल्द ही किसी अन्य स्थान पर जाकर बस जायेंगे।
इन्होंने कहा
तहसीम पुलिस की हर गतिविधि की सूचना पाकिस्तान पहुंचाता था। उसे पकड़ने के लिए भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। कलीम ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। - बृजेश कुमार सिंह, एएसपी, एसटीएफ मेरठ