-आल्दी गांव के प्रधान ने कुछ लोगों पर लगाया आरोप, थाने में तहरीर दी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। क्षेत्र के गांव आल्दी के प्रधान ने गांव के कुछ लोगों पर इंटर कालेज में लगे हरे भरे पेड़ों को काटने और कालेज की भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान ने कई लोगों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार को गांव आल्दी की प्रधान रीता ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि गांव में ही पंडित दीन दयाल इंटर कालेज के खेल के मैदान की साइड में छाया के लिए पेड़ लगवाए गए थे। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने कालेज के एक अध्यापक से सांठगांठ कर खेल के मैदान पर लगवाए गए हरे भरे पेड़ों को आग लगाकर जला दिया है। इसके बाद वहां ट्रैक्टर चलाकर कालेज की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। सूचना पर प्रधान पहुंचीं उनसे अभद्र व्यवहार किया गया। साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके अलावा कानूनी कार्रवाई करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। ग्राम प्रधान रीता ने धमकी देने वालों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।