ठगी करने और पुत्र को गुम करने का आरोप
शामली, कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी एक महिला ने दो लोगों पर उसके पुत्र को बाइक सहित गुम करने और उसकी पुत्री की शादी में फर्नीचर का सामान दिलाने के बहाने हजारों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
नबीला पत्नी शौकत ने बताया कि वह अपनी पुत्री की शादी की तैयारियों में लगी हुई है। आरोप है कि चार दिन पूर्व उसके घर पर कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव गंदराऊ एवं खेड़ी खुर्द निवासी दो लोग आए। उसे कम पैसे में कैराना से फर्नीचर दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपियों ने उससे 80 हजार रुपये की ठग लिए। नबीला ने दोनों लोगों के साथ अपने पुत्र साकिर को बाइक से फर्नीचर का सामान लेने के लिए भेज दिया। चार दिन बीत जाने के बाद भी न ही तो उसका पुत्र लौट कर आया है और ना ही दोनों आरोपियों का कहीं सुराग लग रहा है। बुधवार को नबीला ने थाने पर पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद