झिंझाना में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोपी लेखपाल को लेकर जाती एंटी करप्शन की टीम ।
झिंझाना। एंटी करप्शन सहारनपुर की टीम ने ऊन तहसील गेट पर खतौनी में अंश बदलवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल सत्यवीर सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लेखपाल द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता के भाई से रिश्वत मांगी जा रही थी।
शुक्रवार दोपहर सहारनपुर एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक जसपाल सिंह ने टीम के साथ कस्बा ऊन की पट्टी नौतना निवासी सुधीर कुमार की शिकायत पर लेखपाल सत्यवीर सिंह निवासी गांव भभीसा थाना कांधला को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ ऊन तहसील के गेट से गिरफ्तार कर लिया।
सुधीर कुमार ने बताया कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट में एलएलबी की प्रैक्टिस कर रहा है। उसने 11 माह पूर्व अपने ताऊ की तीन बीघा जमीन खरीदी थी। जमीन के हिस्से खतौनी में चढ़ने पर उनकी तीन बीघा भूमि उनके पिता के नाम और डेढ़ बीघा जमीन भाभी के नाम थी।
भूमि में अंश बदलवाने को लेकर लेखपाल सत्यवीर सिंह से बात की गई थी। उसके छोटे भाई नीरज से लेखपाल ने अंश बदलवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शुक्रवार को ऊन तहसील के गेट पर चाय की दुकान पर पहुंचकर लेखपाल ने रिश्वत के पांच हजार लिए। इसी दौरान लेखपाल को एंटी करप्शन की टीम ने धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक जसपाल सिंह की तरफ से लेखपाल के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।