कांधला थाने पर शिकायत लेकर पहुचे लेखपाल
कांधला। गांव खेड़ा कुरतान में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर पैमाइश के लिए पहुंचे हल्का लेखपाल को दौडा-दौडा कर पीटा और सरकारी अभिलेखों को फाड दिया। हल्का लेखपाल ने डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खेडा कुरतान में में पिछले कई दिन से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें की जा रही थी। हल्का लेखपाल पंकज कुमार ने बताया कि शिकायतों को लेकर एसडीएम कैराना स्वप्निल यादव ने उन्हें मौके पर जाकर मिट्टी खनन की पैमाइश के आदेश दिए थे। रविवार को हल्का लेखपाल खेड़ा कुरतान निवासी याकूब पुत्र फैजा के खेत पर पहुंचे और पैमाइश की। इस दौरान लेखपाल पंकज कुमार और मौके पर मौजूद मोनू के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि झड़प के बाद मोनू ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। मोनू के साथ शोएब और मोहित के साथ दो अन्य लोगों ने लेखपाल को दौड़ा लिया और भागते हुए डंडों से मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने सरकारी अभिलेखों को फाड़ दिया लेखपाल ने घटना की सूचना थाने पर दी। मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी का कहना है कि समयपाल अत्री ने बताया लेखपाल छुट्टी के दिन बिना पुलिस को सूचना दिए पैमाइश करने गए थे। उधर, किसान की तरफ से लेखपाल पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। इस मामले की जांच की जा रही है।
लेखपाल पर दस हजार रुपये मांगने का आरोप
इस मामले में किसान याकूब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपने खेत से मिट्टी को हटवाया था। लेखपाल पंकज वहां पहुंचा और अपने ही खेत से मिट्टी हटाने के नाम पर दस हजार रुपये की मांग कर रहा था। उन्होंने पांच हजार दिए लेकिन वह नहीं माना। लेखपाल के आरोप गलत है।