फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: खाताधारकों ने हंगामा कर पीएनबी शाखा पर जड़ा ताला

Tue, 23 Jun 2026 01:02 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
जलालाबाद में पंजाब नेशनल बैंक पर तालाबंदी करा धरना देते उपभोक्ता और भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
विज्ञापन
जलालाबाद (शामली)। पंजाब नेशनल बैंक की जलालाबाद शाखा में करोड़ों रुपये हड़पने के मामले में सोमवार को गुस्साए उपभोक्ताओं और भाकियू कार्यकर्ताओं ने करीब चार घंटे तक खूब हंगामा किया। बैंक पर तालाबंदी कर रुपये वापस दिलाने और रुपये हड़पने के लिए जिम्मेदार अन्य बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ धरना दिया।
विज्ञापन

भाकियू कार्यकर्ता और खाताधारक बैंक सुबह के समय ही शाखा पर पहुंचे और बैंक का मुख्य द्वार बंद कर दिया। उन्होंने बैंक प्रबंधक मानवेंद्र समेत अधिकारियों को मौके पर बुलाया और धरने पर बैठ गए। भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान ने कहा कि यदि पीड़ित उपभोक्ताओं की जमा पूंजी जल्द वापस नहीं की गई तो यूनियन जिले की सभी पंजाब नेशनल बैंक शाखाओं पर ताले डाल देगी। उन्होंने कहा कि लोगों के रुपयों का गबन बैंक शाखा के अंदर हुआ है। बैंक का एक कर्मी बिना अधिकारियों के मिलीभगत के इतना बड़ा गबन नहीं कर सकता। कहा कि गबन की पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की है। उपभोक्ताओं का पूरा रुपया बैंक को लौटाना पड़ेगा।
मौके पर बैंक के एलडीएम अनिल कुमार, डिप्टी सर्किल हेड आरएल दास और पीएनबी शामली के मुख्य प्रबंधक अविनाश झा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के सामने पीड़ित खाताधारकों ने एक-एक कर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं और खातों से रकम गायब होने की जानकारी दी।
विज्ञापन

खाताधारकों को आश्वस्त करते हुए एलडीएम अनिल कुमार ने बताया कि बैंक को अब तक लगभग 250 प्रार्थना पत्र प्राप्त हो चुके हैं। सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन 25-25 खाताधारकों को बुलाकर उनके खातों और दावों का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में बैंक स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी सामने आती है तो उपभोक्ताओं की धनराशि वापस कराई जाएगी और संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
सभी के खिलाफ होगी कार्रवाई
एलडीएम ने कहा कि जांच में जो भी तत्कालीन प्रबंधक, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति हेराफेरी में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन समेत कठोर कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच पूरी करने के लिए उपभोक्ताओं से तीन दिन का समय मांगा। इसके बाद धरना समाप्त किया।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
धरना और प्रदर्शन के दौरान बैंक परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

यह है मामला
जलालाबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में 300 से अधिक खाताधारकों का आरोप है कि उनके द्वारा दिए गए रुपयों को खातों में जमा नहीं किया गया। एंट्री कराने पर उन्हें मामले का पता लगा था। इस मामले में बैंक कर्मियों की मिलीभगत के आरोप भी लगाए गए हैं। इसमें मुख्य आरोपी बैंक मित्र अंकुर सैनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया जा चुका है। अब लोग अन्य बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन




मामले की जांच की जा रही है। एक आरोपी को पकड़ा जा चुका है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें