शामली। कांधला क्षेत्र के गांव मलकपुर निवासी बिलाल को हनीट्रैप में फंसाकर 1.97 लाख रुपये अलग-अलग दस खातों में मंगाए गए थे। बिलाल ने मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर तीन दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। मृतक के भाई की तरफ से कांधला थाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। कांधला थाना पुलिस के साथ साइबर सेल प्रकरण की जांच कर रही है।
बिलाल ने 14 अप्रैल की सुबह जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उसने दो वीडियो परिजनों को भेजे थे। परिजनों ने उस समय शव को सुपुर्दे खाक कर दिया था, लेकिन बाद में जब बिलाल का फोन अनलॉक कराया तो उसमें बिलाल के अश्लील फोटो बनाकर और फर्जी लोन का दबाव बनाकर रुपये वसूलने का मामला सामने आया था। बृहस्पतिवार को बिलाल के भाई सुहैल ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस ने मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें पाकिस्तान के कोड 92 से शुरू होने वाले नंबरों पर कॉल व व्हाट्सएप कॉल होना पाया गया। साथ ही सामने आया कि 92 से शुरू होने वाले आठ-दस खातों में बिलाल से एक लाख 97 लाख रुपये मंगाए गए थे। उसकी अश्लील फोटो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर और रुपये भेजने का दबाव बनाया जा रहा था। बिलाल ने यह रकम एक माह के अंदर अलग-अलग खातों में भेजी थी। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। इस प्रकरण की जांच में साइबर सेल की टीम को भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन में 92 से शुरू होने वाले नंबरों का इस्तेमाल किया गया है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि गुमराह करने के लिए एप से नंबर कनवर्ट कर बिलाल से बात की गई ताकि उसे लगे कि पाकिस्तान के नंबर से कॉल की गई है। एसपी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों में पूर्व में राजस्थान के डीग जिले के लोग शामिल पाए गए थे, जो महिलाओं की आवाज में बात करते हैं और न्यूड व अश्लील वीडियो बनाते हैं।