दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव बलवा गेट के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। मृतक के पिता की तरफ से घायल युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार सुबह आठ बजे कस्बा कांधला के मोहल्ला मौलानान निवासी इसरान (21) बाइक पर सवार होकर शामली आ रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा गेट के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइकें सड़क पर गिर गई और उन पर सवार दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर चिकित्सकों ने इसरान को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार घायल युवक का नाम गौरव निवासी गांव मीमला थाना कांधला बताया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि मृतक के पिता जमील अंसारी ने दूसरी बाइक पर सवार गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।