शामली। अब जनपद की मंडियों को खोलने का समय प्रशासन ने एक घंटा बढ़ा दिया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत मंडियों को सुबह चार बजे से सुबह आठ बजे तक खोले जाने की अनुमति दी गई है। अभी तक मंडी सुबह सात बजे तक खुल ही थी। डीएम ने बताया कि मंडियों से केवल रिटेलर को ही सामान विक्रय किया जाएगा। उपभोक्ताओं को मंडी से सीधे सामान खरीदने की अनुमति नहीं होगी। मंडियों में सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने हेतु दुकानों और प्रतिष्ठान मालिकों द्वारा बैरिकेडिंग और पक्के पेंट के गोले बनवाए जाएंगे। फेस मास्क एवं सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाएगी। दुकान या प्रतिष्ठान पर एक समय में पांच से अधिक ग्राहकों को इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा। सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा।