शामली। चंडीगढ़ में एक महिला को बाइक पर लिफ्ट देकर शामली में लाकर फेंक दिया। बेहोश हालत में सिंभालका बाईपास के निकट मिली इस महिला को गंभीर हालात में जिला अस्पताल से मेरठ मेडिकल के लिए में रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों ने जहर दिए जाने से महिला की हालत बिगड़ने की आशंका जताई है।
मेरठ-करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे सिंभालका बाईपास पर उपरिगामी पुल के निकट महिला अर्द्ध बेहोशी की हालत में मिली। उसके मुंह से हल्के झाग भी आ रहे थे। उसे सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया।
अस्पताल में महिला ने अर्द्धबेहोशी की हालत में 35 वर्षीय महिला ने अपना नाम बताते हुए खुद को चंडीगढ़ निवासी बताया। वह वहां दाल मंडी में दुकान पर काम करती है। मंगलवार की देर शाम घर जाते समय रास्ते में उसने बाइक सवार दो युवकों से लिफ्ट ली। युवकों ने कुछ सुंघा दिया। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ पता नहीं।
पुलिस का कहना है कि महिला की हालत ठीक नहीं होने के कारण वह ज्यादा कुछ नहीं बता पाई। उधर, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि महिला को जहर देने और मानसिक रूप से बीमार होने की आशंका है। हालांकि जांच व उपचार के बाद ही सही पता चल सकेगा।