शामली। अपर दोआब चीनी मिल शामली ने दीपावली से पहले 25 करोड़ 73 हजार 311 रुपये की धनराशि किसानों के खाते में भेज दी। शामली चीनी मिल पर किसानों का वर्ष 2022-23 के पेराई सत्र का 138 करोड़ रुपये बकाया है।
अपर दोआब चीनी मिल पर किसानाें का बेमियादी धरना डीएम अरविंद कुमार चौहान के आश्वासन के बाद गत शुक्रवार को समाप्त हो गया था। डीसीओ रंजीत सिंह कुश्वाहा ने बताया कि वर्ष 2022-23 के पेराई सत्र का शामली चीनी मिल पर किसानों का 138 करोड़ रुपये, 2023-24 का थानाभवन चीनी मिल पर 77 कराेड़ रुपये और ऊन चीनी मिल पर 33 करोड़ अवशेष रह गए हैं। जल्द ही किसानों को पूरा भुगतान किया जाएगा। शामली गन्ना समिति शामली के सभापति विक्रांत छोटा के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल लखनऊ में प्रदेश के गन्ना आयुक्त प्रभुनारायण सिंह से मिला। गन्ना आयुक्त को दिए गए ज्ञापन में अवगत कराया कि वर्ष 2023 के पेराई सत्र के दौरान शामली चीनी मिल के 17 खरीद केंद्र थानाभवन, ऊन और तितावी मिल को आवंटित कर दिए गए थे।
प्रतिनिधि मंडल ने शामली मिल के सिलावर द्वितीय, बंतीखेड़ा और मालेंडी, ताना तृतीय सभी खरीद केंद्रों को शामली वापस दिलााने की मांग की है।