- शासन से अगले माह तक 1.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृति मिलने की उम्मीद
-अधिकारी और कर्मचारी के पद हो सकते है स्वीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला नवीन मुख्यालय पर दो मंजिला जिला सेवायोजन कार्यालय के निर्माण के लिए शासन से 1.21 करोड़ रुपये की मांग की गई है। अगले माह धनराशि अवमुक्त होने की उम्मीद है। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण शुरु कर देगा।
मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय से शामली जिले का जिला सेेवायोजन कार्यालय संचालित है। शामली नवसृजित जिला बनने के बाद नवीन मुख्यालय गोहरनी में जिला सेवायोजन कार्यालय के लिए 500 वर्ग भूमि आरक्षित है। लोक निर्माण विभाग के अफसरों की टीम नवीन जिला मुख्यालय में आरक्षित भूमि का स्थलीय भूमि का निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट तीन साल पहले शासन को भेज चुकी है। जिला सेवा योजन कार्यालय के लिए 1.21 करोड़ रुपये एस्टीमेट बनाकर पिछले साल तत्कालीन डीएम जसजीत कौर ने नवंबर दिसंबर में शासन को भिजवाया था। शासन में जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों के पद सृजित करने के लिए संस्तुति गई थी। अभी तक शासन से जिला सेवा योजन कार्यालय निर्माण के लिए धनराशि और चार पदों की स्वीकृति नहीं मिली है। जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि दस मई तक शासन से जिला सेवायोजन कार्यालय का बजट मिलने की संभावना है।
पुराने जिलों में 22 पद है स्वीकृत, नए जिलों में चार पद का प्रावधान
मुजफ्फरनगर समेत पुराने जिलों में जिला सेवायोजन कार्यालयों में 22 पद हैं। शामली, हापुड़, संभल समेत नए जिलों में चार पद सृजित करने का प्रावधान है। जिला सेवायोजन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि जिले में एक जिला सेवायोजन अधिकारी, एक सांख्यकी अधिकारी, एक वरिष्ठ लिपिक और एक कनिष्ठ लिपिक है। जबकि दूसरे जिलों में 17 पद ज्यादा सृजित किए गए है।
पिछले पांच सालों मेें सात हजार बेरोजगारों को मिला रोजगार
वर्ष 2017 से जिले के सात हजार बेराेजगारों को प्राइवेट इकाइयों मेें जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से रोजगार मिल चुका है। जिला मुख्यालय पर जिला सेवायोजन कार्यालय स्थापित होने से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त होंगे। युवाओं को रोजगार से संबंधित प्रशिक्षण की जानकारी मिलेगी।