झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर गोल चक्कर के निकट तेज रफ्तार ईंट से भरे ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को आसपास मौजूद लोगों ने कार से निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मेरठ के कस्बा मवाना निवासी शहजाद और नदीम सोमवार को कार से लुधियाना जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मेरठ-करनाल हाईवे स्थित गोल चक्कर के पास पहुंची, उसी समय सामने से आ रहे ईंटों से भरे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक उसमें फंसकर कराहने लगे। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और कार के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।