फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: तेज हवा के साथ रिमझिम बारिश से सर्दी का अहसास

Tue, 29 Sep 2026 12:55 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
शामली में बारिश में छाता लगाकर जाती महिला।  संवाद
विज्ञापन
शामली। जिले में सोमवार को सुबह चार बजे से दोपहर 11 बजे तक रुक-रुककर रिमझिम बारिश होती रही। बारिश और तेज हवाओं से लोगों को सर्दी का अहसास हो रहा है। जिले के मौसम में आए बदलाव के कारण पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस कम होकर 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पर स्थिर रहा।
विज्ञापन

सोमवार सुबह चार बजे शुरू हुई रिमझिम बारिश कभी हल्की तो कभी तेज चलती रही। पूर्वाह्न 11 बजे बारिश थमने के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। पूर्वी यमुना नहर लोअर खंड के सहायक अमरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार जिले में 17 एमएम बारिश हुई। रविवार को 18 एमएम बारिश हुई थी। इस तरह से दो दिन में 35 एमएम बारिश हो चुकी है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को बारिश होने व बादल छाए रहने की संभावना है। 30 सितंबर को मौसम शुष्क साफ रहने के आसार है।
बारिश से खेतों में गिरी धान की फसल, किसानों को नुकसान की चिंता
फोटो
हसनपुर लुहारी। दो दिन से चल रही बारिश का असर खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। धान की फसल पकने के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। किसान रामदास और रामफल ने बताया कि हवा चलने से फसल जमीन पर गिर गई, जिससे धान की फसल के दाने मिट्टी और नमी के संपर्क में आने से खराब होने का खतरा बना हुआ है। यदि बारिश का इसी तरह होती रही तो नुकसान बढ़ सकता है।
विज्ञापन

किसान विनोद, राजकुमार का कहना है कि धान फसल गिरने से जहां उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, वहीं दाने की गुणवत्ता खराब होने पर बाजार में उचित भाव मिलने में भी परेशानी हो सकती है। उनका कहना है कि मौसम जल्द साफ हो जाए तो गिरी हुई फसल की कटाई कर नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सकता है।
हवा के साथ बारिश से बिजली आपूर्ति रही बाधित
शामली। जिले में हवा के साथ हुई बारिश से जिले में कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। आदर्श मंडी 33केवी फीडर की लाइन में फॉल्ट आया, जिसे विद्युत निगम के कर्मचारियों ने ठीक किया। इस दौरान करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शहर में कांबोज कॉलोनी, दिल्ली रोड समेत कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम के एसडीओ बिनीत कुमार ने बताया कि बारिश के दौरान कुछ जगह फॉल्ट से कुछ देर तक विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल की गई।

शामली में बारिश में छाता लगाकर जाती महिला।  संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें