कांधला। गांव आल्दी निवासी महिला ने सिपाही पर पहली शादी को छिपाकर उनकी पुत्री से सगाई, गोदभराई कराने और 18 लाख रुपये दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने सिपाही समेत सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के गांव आल्दी निवासी बबलेश देवी ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि परिचितों ने मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी और वर्तमान में कानपुर नगर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अजय कुमार से उनकी पुत्री का रिश्ता तय कराया था। आरोप है कि तीन दिसंबर 2025 को घर पर अंगूठी और गोदभराई की रस्म की गई। 19 अप्रैल 2026 को शादी तय हुई थी।
पीड़िता के मुताबिक 25 मार्च को सिपाही अजय कुमार ने फोन पर 18 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी। 26 मार्च को जब पीड़िता के पति मोहनलाल आरोपी के घर गए, तो सिपाही अजय, उसके पिता निरंजन और बिचौलिए धर्मेंद्र सिंह ने उनके साथ मारपीट की।
इस दौरान पता चला कि सिपाही अजय कुमार की पहले ही 16 फरवरी 2023 को सोनिया निर्वाल नामक युवती से शादी हो चुकी है, जिसे उसने दहेज के कारण छोड़ दिया था। पीड़िता की तरफ से पुलिस ने सिपाही अजय कुमार, उसके पिता, माता, बहन, बहनोई और बिचौलियों सहित सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।