थानाभवन। नगर में एक युवक ने स्कूल से लौट रही छात्राओं का रास्ता रोककर फिल्मी गानों पर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसको लेकर अभिभावकों और नागरिकों में रोष है। स्वामी यशवीर महाराज ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने देर शाम मोहल्ला शाहविलायत निवासी आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर उसका चालान किया है।
मोहल्ला शाहविलायत निवासी एक युवक पिछले कई दिनों से स्कूल की छुट्टी के समय सड़कों पर फिल्मी गाने बजाकर रील बनाता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वह छात्राओं को फोकस कर वीडियो बनाता है और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करता है। अभिभावकों का कहना है कि आरोपी की हरकतों से छात्राएं परेशान हैं और कुछ छात्राएं स्कूल जाने से भी कतराने लगी हैं। मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने जनप्रतिनिधियों से शिकायत की।
स्वामी यशवीर महाराज बघरा आश्रम ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान प्रभावित हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।