कांधला। कस्बे के मोहल्ला रायजादगान निवासी संजू कुमार के परिवार ने 2003 में मुस्लिम धर्म अपना लिया था।
संजू कुमार के बेटे विकास कुमार ने बताया कि उनके पूर्वजों ने हिंदू समाज में जन्म लिया था, लेकिन 2003 के बाद से 2021 तक मुस्लिम धर्म को अपनाया, जिसमें पिता संजू का नाम उमर मां नीता का नाम इमराना, भाई दीपक का अशरफ व संदीप ने आदिल रख लिया था। इसके साथ ही अन्य परिवार के लोगों ने भी अपने नाम बदल लिए थे, लेकिन मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद किसी के शरीर छोड़कर जाने के बाद हमें अपने परिवार के लोगों को दफनाने के साथ-साथ अन्य कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था। 2021 में स्वामी यशवीर महाराज की उपस्थिति में दोबारा परिवार ने सनातन धर्म अपना लिया था।
तब से वे हिंदू धर्म को रीति रिवाज अपना रहे है। विकास ने बताया कि अब एसआईआर में हिंदू होने का साक्ष्य मांगा जा रहा है, जिस कारण परिवार अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। प्रशासन की ओर से मिले नोटिस का जवाब देने को वे साक्ष्य नहीं जुटा पाए, जिसमें बीएलओ से लेकर एसडीएम व डीएम को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। अब परिवार ने इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समाधान कराने की मांग की है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार का कहना है कि परिवार की समस्या का समाधान कराया जाएगा।