शामली। इंग्लैंड से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से ठगे गए आठ लाख रुपये साइबर ठग ने 15 से अधिक बैंक खातों में मंगाए थे। साइबर पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है। पुलिस बैंक खातों के आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।
कस्बा कैराना के मोहल्ला आलकलां निवासी पूनम को पिछले वर्ष इंस्टाग्राम पर इंग्लैंड की कंपनी का सदस्य बनकर घर बैठे ही लाखों रुपये कमाने का ऑफर दिया था। इसके बाद कंपनी की तरफ से इंग्लैंड से पार्सल में गिफ्के तौर पर कुछ सामान भेजना बताते हुए एयरपोर्ट से छुड़वाने के लिए कहा था।
पार्सल छुड़ाने के नाम पर महिला से आठ लाख रुयये विभिन्न खातों में मंगाए थे। पीड़िता की तरफ से साइबर क्राइम थाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस की जांच में 15 से अधिक बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें रकम मंगाकर ठगी की गई। पुलिस बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है और उसके आधार पर साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।