कैराना। पांच दिन पूर्व विपक्षियों को झूठे केस में फंसाने के षड्यंत्र के तहत अपने दोस्त से हाथ में गोली लगवाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
चार जनवरी क्षेत्र के गांव भूरा निवासी शुभम के कंधे में गोली लगी थी। बताया था कि वो खेत पर जा रहा था उसी वक्त गोली मारी गई। घायल युवक ने गांव के ही दो युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच पड़ताल की गई तो गोली लगने का मामला झूठा निकला था। जिसके बाद पुलिस ने घायल युवक के भाई रिंकू की ओर से गांव के ही संदीप प्रधान उर्फ कतर के खिलाफ शुभम को गोली मारकर घायल करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला कि घायल युवक शुभम ने संदीप प्रधान के साथ मिलकर अपने विपक्षियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश बनाई थी। जिसके तहत आरोपी संदीप प्रधान ने शुभम के कंधे में तमंचे से गोली मारकर शुभम को घायल कर दिया था। वहीं बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने आरोपी घायल युवक शुभम को शामली के एक प्राइवेट नर्सिंगहोम से उपचार पूरा होने के बाद गिरफ्तार कर लिया।