गढ़ीपुख्ता से 28 हजार में खरीदकर दिल्ली ले जा रहे थे पटाखे
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने पूर्वी यमुना नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान इको कार से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने कार चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं।
शहर कोतवाली पुलिस रविवार देर रात को झिंझाना कैराना नहर पटरी पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय आई कार को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कार में सवार दो लोग कार को रोककर उससे उतरकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने नाम अशोक व देवेंद्र निवासी विजयनगर रोहिणी दिल्ली बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के दो बोरे व तीन कार्टून और चार बैग में भरे गए बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन पटाखों को गढ़ीपुख़्ता के पटाखा फैक्टरी संचालक शब्बीर अहमद से 28 हजार रुपये में खरीदकर दिल्ली ले जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध होने के कारण वे इन्हें वहां चोरी छिपे बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है। कार का मालिक अशोक है और वहीं कार को चला रहा था। पुलिस ने कार के कागज न दिखा पाने पर उसे सीज कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।