एनआईए टीम ने डाला डेरा, बारीकी से कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
झिंझाना। थानाक्षेत्र के चौकी चौसाना क्षेत्र में करीब तीन माह पहले पुलिसकर्मियों को घायल कर रायफल लूटने की घटना की जांच कर रही एनआईए की टीम क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। एनआईए टीम क्षेत्र में लगातार रहकर घटना की बारीकी से छानबीन कर रही है।
करीब तीन माह पहले पुलिसकर्मियों से रायफल लूटने की हुई घटना के खुलासे में पुलिस ने आरोपियों के संबंध पंजाब के आतंकी संगठन खालिस्तानी लिब्रेशन फ्रंट से होना बताया था। इस मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए थे, जो जेल में बंद है। इस खुलासे के बाद से इसकी जांच एनआईए टीम कर रही है। पिछले महीने एनआईए टीम आरोपियों को रिमांड पर लेकर घटनास्थल और अन्य स्थानों पर छानबीन कर चुकी है। बताया गया है कि एनआईए टीम झिंझाना क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और इस घटना से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से खंगालकर जांच करने में जुटी हुई है।