कांधला।
भारी बरसात के चलते खंड विकास कार्यालय के क्वार्टरों में कई फीट तक पानी भर गया। पानी की निकासी नहीं होने के कारण कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। क्वार्टर परिसर में पानी भरने से ग्राम पंचायत सचिव सुरेंद्र सिंह, अरशद सैफी, वासिद अली, सुरेश और तपेश गिरी के कमरों में पानी अंदर चला गया था। कमरों में पानी करीब दो फीट ऊंचाई तक जाने पर आवश्यक दस्तावेज भी खराब होने की आशंका है। वहीं प्रशासन के द्वारा पानी निकालने का इंतजाम नहीं हो पाने के कारण पानी वहीं पर जमा हुआ है। इसके चलते ग्राम पंचायत सचिव व अन्य कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत सचिवों के द्वारा मामले में खंड विकास अधिकारी गोपाल कृष्ण चौधरी को शिकायत कर पानी को निकलवाने की मांग की गई है।