कैराना। पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, सीओ राजेश कुमार तिवारी और कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लेकर नगर में पैदल मार्च किया। एसपी ने रामडा रोड पर स्थित प्राचीन ईदगाह के मैदान का निरीक्षण किया, जहां पर उन्होंने ईद की नमाज को लेकर की गई व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने जामा मस्जिद, पुराना बाजार, सर्राफा बाजार, जोड़वा कुआं, चौक बाजार, बेगमपुरा, शामली बस स्टैंड से होते हुए तितरवाड़ा चुंगी पानीपत रोड तक पैदल मार्च किया। उन्होंने लोगों से ईद-उल-फितर के मौके पर प्रेम भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कहा कि सभी मिलजुल कर और शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं।