शामली। गांव लांक निवासी एयरफोर्स के इंजीनियर और उनकी प्रोफेसर पत्नी की राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इसकी सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग राजस्थान रवाना हो गए, लेकिन रविवार शाम तक भी दंपति के शव गांव में नहीं पहुंचे।
शामली कोतवाली क्षेत्र के गांव लांक निवासी देव प्रताप 30 वर्षीय भारतीय वायुसेना में राजस्थान के फलौदी एयरफोर्स स्टेशन पर एयरक्राफ्ट इंजीनियर के पद पर तैनात थे। दो माह पूर्व ही उनकी शादी मुजफ्फरनगर के गांव काकड़ा निवासी प्रिया 24 वर्षीय के साथ हुई थी। प्रिया हरिद्वार के संस्कृति विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर तैनात थी। शनिवार सुबह देवप्रताप पत्नी के साथ कार से राजस्थान के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि नापासर थाना क्षेत्र के गांव नोरंगदेसर के पास एक ऑटो से उनकी कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में एयरफोर्स इंजीनियर की कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे तथा दंपति की मौत हो गई थी। दुर्घटना की सूचना राजस्थान पुलिस ने एयरफोर्स इंजीनियर देवप्रताप के परिजनों को दी। नवदंपति की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार रात आनन-फानन में गांव लांक से एयरफोर्स इंजीनियर के परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। रविवार की देर शाम तक दंपति के शव गांव में नहीं पहुंचे।
मौत से गांव में मचा हुआ है शोक
नव दंपति की राजस्थान में हुए सड़क हादसे में मौत से गांव लांक में गमगीन माहौल है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शनिवार को जैसे ही हादसे की खबर परिजनों को लगी तो दर्जनों लोग राजस्थान के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम के बाद ही दोनों के शव गांव में आएंगे।