कांधला (शामली)। गांव गढ़ी दौलत स्थित जामिया अरबिया बदरुल उलूम मदरसे में सालाना जलसे का आयोजन किया गया। इसमें तलबाओं की दस्तारबंदी की गई और देश तथा दुनिया में अमन चैन के लिए दुआ कराई गई।
जलसे की शुरुआत कारी सादिक ने तिलावते कलाम और मौलाना अशरफ ने नाते नबी से की। जमीयत उलमा ए हिन्द के राष्ट्रीय महासचिव हजरत मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि इंसान दुनिया का सबसे बेहतरीन मखलूक (रचना) है। अल्लाह ने इंसान को बेशुमार नियामतें बख्शी हैं। जब तक दुनिया में एक भी इमान वाला रहेगा, तब तक दुनिया बाकी रहेगी। शादियों में फिजूलखर्ची से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने माता पिता का सम्मान करना चाहिए। यदि माता पिता का सम्मान नहीं करोगे, तो आने वाली पीढ़ी तुम्हें भी इज्जत नहीं देगी।
दारुल उलूम देवबंद से आए हजरत मौलाना सलमान बिजनौरी ने कहा कि अपने बच्चों को दीन की तालीम जरूर दिलवाएं। दुनिया में इस बात की मुहिम चल रही है कि मुस्लिम बच्चों को दीन की तालीम से हटाया जाए, लेकिन हमारे मदरसे इसे कभी पूरा नहीं होने देंगे। मदरसों में दीन की तालीम के साथ साथ दुनियावी तालीम भी दी जाती है।
जलसे की सदारत मौलाना महमूद मदनी और संचालन मदरसे के मोहतमिम हजरत मौलाना आकिल साहब ने किया। जलसे के दौरान 52 तलबाओं की दस्ताबंदी की गई। कार्यक्रम में मदरसे का वार्षिक आय तथा व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। समापन पर मौलाना सलमान बिजनौरी ने देश व दुनिया में अमन चैन के लिए दुआ कराई। इस दौरान मौलाना जहूरुल हसन, मौलाना मलिक मुगेशी, मौलाना बदरुल हुदा, मौलाना मजहर, मौलाना वासिल, तहसीन और मौलाना सादिक अन्य मौलाना ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में आसपास के गांव और क्षेत्र के हजारों लोग मौजूद रहे।
बच्चों को सम्मानित किया
कांधला। गांव डांगरोल स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नवाचार परीक्षा के गणित विषय में प्रथम स्थान पर रहे उदित कुमार, द्वितीय स्थान पर रहे हिमांशु और तीसरे स्थान पर रही चंचल शर्मा को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रभारी अध्यापक मनोज कुमार ने बताया कि जनपद स्तरीय नवाचार परीक्षा में सफल होकर बच्चों ने विद्यालय परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर गीता, कांता ,पुष्पेंद्र, अभिषेक, अरविंद और इन्द्रपाल आदि उपस्थित रहे।