मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जब कैराना में हैलीपेड से वाया कार मायापुर फार्म हाउस लाया गया, तो मायापुर मार्ग पर सड़क किनारे फैली गंदगी को देखकर सीएम नाराज हो गए। मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचकर उन्होंने एसडीएम से कहा कि यह क्या हाल बना रखा है, सफाई ठीक से क्यों नहीं कराई जाती है।
रविवार सुबह करीब दस बजे मुख्यमंत्री का हैलिकॉप्टर कैराना स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में हैलीपेड पर उतरा। वहां से गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ उनका काफिला मायापुर फार्म हाउस की तरफ चला। कैराना से मायापुर मार्ग पर पहुंचने के बाद जब उनका काफिला गुजर रहा था, तो सड़क किनारे पर फैली गंदगी देखकर वह काफी नाराज हुए। इसके बाद मायापुर फार्म हाउस में पहुंचकर हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वहां मौजूद मंडलायुक्त दीपक कुमार अग्रवाल तथा उपजिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य से गंदगी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे पर इतनी गंदगी क्यों डाली जा रही है, कहां से आती है यह गंदगी, ऐसा क्यों हो रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि मार्ग पर बहुत धूल उड़ रही थी, पानी का छिड़काव कराना चाहिए था और रास्तों की हालत ठीक कराई जाए। इसके अलावा मायापुर फार्म हाउस पर जहां सांसद हुकुम सिंह का अंतिम संस्कार होना था, वहां भी पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद अधिकारियों ने फायर ब्रिगेड की वैन बुलाकर अंत्येष्टि स्थल पर पानी छिड़कवाया। उधर, मायापुर फार्म मार्ग पर सड़क किनारे पड़े कूड़े को भी जेसीबी से हटवाया गया।
हुकुम सिंह मार्ग रखा जाएगा कैराना-मायापुर मार्ग का नाम
शामली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मायापुर फार्म हाउस पर पहुंचने के दौरान कैराना-मायापुर मार्ग का नाम सांसद हुकुम सिंह के नाम पर रखा जाने की बात कही। गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मार्ग के नामकरण की घोषणा की है, जिसके संबंध में निर्देश दिया गया।