एसपी ने किया झिंझाना में मतगणना स्थल का निरीक्षण
झिंझाना।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने झिंझाना पहुंचकर मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा में किसी तरह की ढील नहीं होनी चाहिए।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने झिंझाना पहुंचकर राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में बनाए गए मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी भगवत सिंह से उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि मतगणना के लिए बेरिकेडिंग मजबूत की जाए तथा सड़क से अतिक्रमण हटवाया जाए।
मायके में आकर विवाहिता को पीटा
झिंझाना। चौसाना निवासी महिला ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व इरशाद निवासी गांव कुंडा थाना गंगोह जिला सहारनपुर के साथ हुई थी। दो वर्ष पूर्व बीमारी के कारण उसके पति की मौत हो गई, जिसके बाद से अपने बच्चों के साथ ससुराल में अकेली रहती थी। आरोप है कि ससुरालियों ने मारपीट करके उसको घर से निकाल दिया। अब वह अपने मायके चौसाना में रह रही है। आरोप है कि मंगलवार को ससुरालियों ने उसके मायके में आकर मारपीट की। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने तहरीर के आधार पर चौसाना चौकी प्रभारी को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिए हैं।