जिले में 62 बूथों पर हुआ टीकाकरण, 12400 लोगों को टीका लगाने था लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में टीकाकरण की गति को बढ़ाने के लिए मेगा कैंप आयोजित किया गया। इसके तहत जिले में 62 बूथों पर टीकाकरण किया। जिनमें 12 हजार 400 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। सभी बूथों पर आठ हजार 790 लोगों को सतर्कता डोज लगाई गई हैं।
जिला स्वास्थ्य विभाग को शनिवार को कोविशील्ड की 10 हजार डोज, कोवैक्सीन व कोर्बिवैक्स की तीन-तीन हजार डोज मिली थीं। रविवार को टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए मेगा कैंप का आयोजन किया गया। जिसके तहत जिले में 62 बूथ बनाकर सतर्कता डोज का टीका लगाया गया। सभी बूथों पर 12 हजार 400 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था।
रितिका बाल पब्लिक स्कूल रेलपार में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगाए गए मेगा कैंप का उद्घाटन स्कूल की संरक्षक विनोद बाला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया। दीप प्रज्ज्वलन भारत विकास परिषद् शामली समर्पण के संस्थापक अध्यक्ष नवीन गर्ग, कोषाध्यक्ष राजीव गर्ग व स्कूल प्रबंधक अनुज गौतम ने संयुक्त रूप से किया। कैंप में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को तीसरी सतर्कता डोज नि:शुल्क दी गई। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चले कैंप में लगभग एक सौ लोगों को टीके लगाए गए।
इस अवसर पर डॉ. उदित भटनागर, परवेज तालिब, जयवीर सिंह, रेनू रानी, मीनाक्षी, अमृता, सागर शर्मा व दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि सोमवार को मेगा कैंप में सभी 62 बूथों पर आठ हजार 790 लोगों को सतर्कता डोज लगाई गई। जिले में सात लाख 20 हजार 212 लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य है। जिसमें अब तक एक लाख 86 हजार 86 लोगों को सतर्कता डोज लग चुकी हैं, जो लक्ष्य का 25.8 प्रतिशत है।