गठबंधन से बदलेगी देश की दिशा और दशा
जलालाबाद। रविवार को जलालाबाद में सपा नेता तासीन मंसूरी के आवास पर विकास विजन और सामाजिक न्याय कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन से 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की दिशा और दशा बदलने वाली है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, गरीब, किसान और मजदूर भाजपा शासन से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्व की अखिलेश यादव सरकार की योजनाएं समाजवादी पेंशन, 55 लाख परिवारों को लैपटॉप, साईकिल, बेरोजगारी भत्ता, ई-रिक्शा, कन्या विद्या धन आदि योजनाओं को बंद कर दिया। भाजपा सरकार ने चुनाव से पूर्व जो वादे जनता से किए थे, वे सब वादे झूठे और जुमलेबाजी साबित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। भाजपा की सरकार में गरीबों का उत्पीड़न हो रहा है। इस मौके पर संजय सिंह राणा, रिजवान राजा, अंकित पांचाल, तासीन मंसूरी, मुमत्याज, सुमित कुमार, शम्भू कश्यप, आजम खान, वसीम मलिक, दिल्लू, जावेद मंसूरी आदि उपस्थित रहे।