शामली। जनपद के माध्यमिक स्कूल, कॉलेजों का निरीक्षण किया जाएगा। डीआईओएस द्वारा सभी का निरीक्षण करते हुए जांच की जाएगी। खामियां मिलने वाले स्कूल, कॉलेेज संचालकों व प्रधानाचार्यों को अनुपालन आख्या दी जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने जनपद के सभी माध्यमिक स्कूल, कॉलेजों में एक अक्तूबर से निरीक्षण करने का निर्णय लिया है। निरीक्षण में प्रत्येक कॉलेज में शिक्षण कार्य, खेलकूद, स्काउट गाइड, सांस्कृतिक कार्यक्रम व एनसीसी गतिविधियों के साथ ही प्रबंध समिति के खाते व वित्तीय सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी कॉलेजों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा। टीम तैयार कर ली गई है। एक अक्तूबर से अभियान शुरू हो जाएगा। जनपद में 104 माध्यमिक कॉलेज है। एक-एक कॉलेज का निरीक्षण तीन दिन तक चलेगा। प्रत्येक कॉलेज में दो दिन तक पढ़ाई व भौतिक सत्यापन का निरीक्षण किया जाएगा और एक दिन वित्तीय लेनदेन का निरीक्षण किया जाएगा। जिस कॉलेज में खामियां मिलती है उन्हें अनुपालन आख्या देकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे।