शामली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बाजार पूरी तरह तिरंगे के रंग में रंग गया है। मंगलवार को शहर की शिवमूर्ति और नये बाजार स्थित किताबों की सभी दुकानें तिरंगे और अन्य देशभक्ति के सामानों से भरी नजर आई। पॉलिथीन के झंडों पर बैन होने के कारण छोटे झंडे कागज और बड़े झंडे कपड़े के ही लगे मिले। इसके साथ ही बच्चों को लुभाने वाले तिरंगे के रंग में मुुखौटे, सिर पर लगाने वाले बाल, हाथों में पहने वाले ब्रेसलेट, शर्ट पर लगाने वाले पिन, चेहरे, वाहन और शर्ट पर लगाने वाले स्टीकर रखे नजर आए। बाइकों पर लगाने वाले झंडे और छात्राओं के लिए तिरंगे के रंग के हेयर बैंड और बालों में लगाने वाली रबर बैंड भी उपलब्ध है। दुकानों पर तिरंगे झंडे की कीमत पांच रुपये से शुरू होकर साढे़ 400 रुपये तक रही। तिरंगे के रंग के सिर के बाल भी 100 रुपये से 120 रुपये तक बेचे जा रहे है। अन्य सामानों की बिक्री भी लगभग पांच रुपये से शुरू होकर 200 रुपये तक है। मंगलवार को सभी दुकानों पर सुबह से ही स्कूलों के बच्चों व अन्य लोगों की भी सामान खरीदने के लिए भीड़ लगी रही।