भैंसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी परिसर में लगे तीन दिवसीय लोक कल्याण मेले का मंगलवार को समापन हो गया। अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ ही बीमारियों से बचाव के बारे में बताया।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सफल कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत ग्रीष्म कालीन मौसम शुरू हो गया है। बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को खुद भी जागरूक होने की जरूरत है। अपने आसपास साफ सफाई रखें तथा गड्ढों में पानी इकट्ठा न होने और पानी का जमाव होने पर मिट्टी के तेल का छिड़काव करें, ताकि बीमारियों से बचाव किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, जननी सुरक्षा योजना, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं तथा नवजात शिशुओं को दिलाई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, मेले में कृषि विभाग, पशुपालन, सिंचाई, राष्ट्रीय आजीविका मिशन व विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. शिवकुमार आयुर्वेदिक चिकित्सक ने स्वास्थ्य शिविर में लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके बताए और 125 मरीजों की चिकित्सा जांच करके दवाई वितरित की गईं। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार, डॉ. नेतराम, डॉ. राम नरेश आजाद, उपनिदेशक कृषि रामवीर कटारा, डॉ. फईम, डॉ. शाहिस्ता, राजेश्वरी के अलावा एएनएम और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।