शामली। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा की बैठक डीआईओएस कार्यालय पर महेंद्र सैनी की अध्यक्षता में हुई। इसमें वर्तमान सरकार द्वारा पूर्व की सरकार द्वारा दिए जाने वाले वेतन पर रोक लगाने और अन्य कई मांगों को लेकर चर्चा की। शिक्षकों ने निर्णय लिया कि अगर सरकार छह फरवरी से पहले ही शिक्षकों की मांग पूरी नहीं करती तो बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन कार्य का पूर्ण रुप से बहिष्कार करेंगे। रामपाल सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में करीब 500 वित्तविहीन शिक्षकों की ड्यूटी डीआईओएस कार्यालय से लगाई गई है। मांग पूरी न होने पर कोई भी शिक्षक छह फरवरी को परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि ड्यूटी करने के लिए हर रोज डीआईओएस कार्यालय से फोन और पत्र के माध्यम से दबाव दिया जा रहा जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा। शिक्षक नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि वेतन बंद होने से शिक्षकों को अपने घर का काम चलाना मुश्किल हो रहा है। मांग पूरी न होने पर सभी शिक्षक इसका जवाव आने वाले चुनावों में देंगे। संचालन दिनेश शर्मा ने किया। इस दौरान रेणूका, पिंकी, सीमा, गुड़िया, शिवकुमार, दिनेश, नीटू, विक्रांत, विजेेंद्र, कुसुमलता, फूल कुमार आदि रहे।