गांव जलालपुर में हाईवोल्टेज करंट लगने के कारण किसान की मौत के मामले में विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्राम जलालपुर के लोगों ने बताया कि गांव में किसान प्रमोद के खेत के पास एचटी और एसटी लाइन गुजर रही है। दोनों लाइन के बीच में महज छह इंच का फासला है। इस कारण आए दिन विद्युत लाइन आपस में टच होने के कारण घटना होती हैं। 20 सितंबर को प्रमोद भी ट्यूबवेल पर गया था, तो हाईवोल्टेज करंट लगने पर उसकी मौत हो गई। हादसे के कारण प्रमोद के परिवार पर मुसीबत टूट गई है। पूर्व में विद्युत निगम के अधिकारियों से जर्जर विद्युत लाइन ठीक कराने और दोनों लाइनों को अलग अलग कराने की मांग की थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि प्रमोद की मौत के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही जिम्मेदार है, जिसके चलते अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए। इस दौरान ग्राम प्रधान के पति उमेश शर्मा, अजेश शर्मा, अमित शर्मा, देवेंद्र शर्मा, राजेश शर्मा, नीटू, संदीप, पूर्व प्रधान दिनेश, रामनिवास और अजय आदि मौजूद रहे।