मेरठ-करनाल हाइवे पर मॉर्निंग वाक पर निकली दो महिलाओं को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गयी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल महिला को अस्पताल भिजवाया।
मोहल्ला रेलपार निवासी महिला अनुपमा(50) पत्नी शिवकुमार और सुमित्रा पत्नी अनिल घर से मार्निंग वॉक करने के लिए निकली थी। मेरठ-करनाल हाइवे पर हरियाणा की ओर से मेरठ जा रहे एक ट्रक ने महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक के साथ फरार हो गया। हादसे में अनुपमा की मौके पर मौत हो गई, जबकि सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। कोतवाली में अनुपमा के पुत्र अंशुल की ओर से ट्रक नंबर यूपी 14 एफटी 7079 के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।