संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। साइबर के शातिरों ने मोबाइल फोन हैक कर शामली निवासी खिलौना कारोबारी देव कुमार के खाते से सात लाख और कैराना निवासी कपड़ा व्यापारी खुर्शीद के खाते से 98 हजार रुपये की ठगी कर ली। दोनों मामलों में एप डाउनलोड करने के लिए लिंक पर क्लिक करते ही खाते से रकम उड़ाई गई। पीड़ित कारोबारियों ने साइबर क्राइम थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।
शहर के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी देव कुमार ने बताया कि वह खिलौनों को दुकानों पर सप्लाई करने का काम करते हैं। पिछले सप्ताह काम के सिलसिले में दिल्ली गए थे। 28 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप परिवहन विभाग के नाम से लिंक आया। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल फोन पर लगातार 50 से 60 मैसेज आए। उन्होंने बिना देखे ही सभी मैसेज को डिलिट कर दिए। कुछ देर बाद ही खाते से पांच हजार रुपये कटने का मैसेज आया।
बैंक खाते की जांच की तो दो बार में दो-दो लाख रुपये, एक बार में 1.99 लाख रुपये और एक बार में 99,500 रुपये की ट्रांजक्शन हुई। चारों ट्रांजक्शन पांच मिनट के अंदर की गई थीं। उन्होंने इस मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस से की है।
दूसरे मामले में कस्बा कैराना के मोहल्ला छड़ियान निवासी कपड़ा व्यापारी खुर्शीद ने बताया कि उन्होंने 29 अगस्त की सुबह 11 बजे अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो 28 अगस्त की रात को खाते से 49 हजार रुपये, 45 हजार रुपये और 480 रुपये की अलग-अलग तीन बार में ट्रांजक्शन किया जाना पाया। तीनों ट्रांजक्शन रात में 9.22 से 9.32 बजे के बीच दस मिनट के अंदर की गईं। इसके बाद खाते में 4300 रुपये बचे थे। उन्होंने इसकी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराई।
इसके बाद पत्नी के खाते में बचे हुए रुपये ट्रांसफर किए किए तो 2300 रुपये ही ट्रांसफर हो पाए। बाकी दो हजार रुपये 24 घंटे बाद ट्रांसफर होने थे। अगली रात में साइबर ठग ने दो हजार रुपये भी खाते से उड़ा लिए।
उन्होंने साइबर क्राइम थाने पर शिकायत की। पीड़ित के मुताबिक साइबर थाना पुलिस ने बताया कि उनके खाते से निकाली गई रकम में 16 हजार रुपये ही होल्ड हो पाए हैं। बाकी के लिए जांच चल रही है। खुर्शीद ने बताया कि एक सप्ताह पहले वीडियोकॉल चेट का एप डाउनलोड करते समय मोबाइल फोन 10 मिनट तक हैक हो गया था।