डंडे से चालू किए स्विच तो भड़के अफसर
कैराना। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर डीएम और एसपी ने कैराना में पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पब्लिक इंटर कॉलेज में कॉलेज के कर्मचारी ने डंडे से पंखे का स्विच ऑन किया तो दोनों अधिकारियों का पारा चढ़ गया। अधिकारियों ने व्यवस्था को चुस्त और दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पब्लिक इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथों का जायजा लिया। पब्लिक इंटर कालेज मतदान केंद्र पर नौ बूथ लगते हैं, जहां उन्होंने पेयजल, प्रकाश, शौचालय आदि के बारे में जानकारी की। इस दौरान बूथ कमरे में प्रकाश की व्यवस्था जांचने के लिए डीएम-एसपी ने कॉलेज के कर्मचारी से पंखे चलाने को कहा, तो उसने हाथों में ले रखे लाठी से स्विच ऑन किया, जिस पर दोनों अधिकारी भड़क उठे। उन्होंने कहा कि क्या मतदान के दिन भी पंखे का स्विच लाठी से ऑन किया जाएगा। उन्होंने व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं, डीएम ने कॉलेज में मौजूद कर्मचारी से पूछा कि कॉलेज में नया शैक्षिक सत्र प्रारंभ हुआ या नहीं। जिस पर बताया गया कि कॉलेज में बच्चों का रिजल्ट देरी से आया था, इसलिए अभी तक पढ़ाई शुरू नहीं हुई। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए पढ़ाई शुरू कराए जाने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान एएसपी आरके श्रीवास्तव, एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा, सीओ राजेश कुमार तिवारी, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र नागर आदि मौजूद रहे।
आचार संहिता का उल्लंघन किया तो होगी कार्रवाई
कैराना। एसडीएम व सीओ ने नगर में स्थित विभिन्न दलों के चुनावी कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों पर मौजूद कार्यकर्ताओं को आदर्श आचार सहित का पालन करने का पाठ पढ़ाया।
बृहस्पतिवार को एसडीएम डॉ. अमित पाल शर्मा व सीओ राजेश कुमार तिवारी सबसे पहले कैराना में पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर सीओ आफिस के सामने बने कांग्रेस पार्टी के चुनावी कार्यालय पर पहुंचे। यहां पर अधिकारियों ने आदर्श आचार संहिता का पालन करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने झिंझाना में बने भाजपा, कांग्रेस व सपा पार्टी के चुनावी कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसडीएम डा अमित पाल शर्मा ने कहा कि चुनावी कार्यालयों पर आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।