कैराना। गन्ना तौल केंद्र पर पर्ची न मिलने से खफा किसानों ने पहले जमकर हंगामा किया। इसके बाद झिंझाना-कैराना मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉलियां व भैंसा बुग्गी खड़ी कर जाम लगा दिया। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। साथ ही मिल प्रबंधन ने किसानों को शीघ्र समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
रविवार की दोपहर गांव भूरा स्थित उन शुगर मिल के गन्ना तौल केंद्र पर नेटवर्क में खराबी के चलते पर्चियां नहीं मिलने से किसान भड़क गए। इसके बाद किसानों ने कैराना-झिझाना मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉलियां व भैंसा बुग्गी खड़ी कर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि 20 दिन से गन्ना तौल केंद्र चल रहा है, लेकिन पर्चियां नहीं मिल रही है। इससे किसानों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार सुबह छह बजे से किसान तौल केंद्र पर अपने वाहनों के साथ खड़े हुए हैं, लेकिन न किसानों को पर्चियां मिली और न गन्ना तौला गया। किसानों ने जीएम केन पर पर्चियों में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। इस संबंध में मिल अधिकारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सूचना के बाद तहसीलदार रणबीर सिंह और कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मिल अधिकारी भी आ गए। इस दौरान किसानों को काफी मशक्कत के बाद समझाकर जाम खुलवाया गया। प्रदर्शन करने वालों में मामू, जसबीर, जनक, भीम, सतीश, पिंटू, सोनू, नीटा, बिंदर, रामकुमार, कौशल, चौधरी गोविंद आदि किसान मौजूद रहे।