पल पल बदला मौसम का मिजाज
शामली। बुधवार को पल- पल मौसम का मिजाज बदलता रहा। जिला मुख्यालय पर शहर के आधे हिस्से में शाम तक रुक रुक कर बूंदाबांदी हुई।
बुधवार को दिन निकलते ही तेज धूप के कारण गर्मी ने अपना असर दिखाया। सुबह दस बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक धूप के कारण लोग बिलबिला उठे। फिर आकाश में बादल छाने के बाद शामली शहर के विजय चौक, फव्वारा चौक वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, मिल रोड, रेलवे रोड, शिवगंज, मार्शगंज, धीमानपुरा रेलवे फाटक, गुरुद्वारा रोड, एसटी तिराहा, कलक्ट्रेट और बनत तक बूंदाबांदी हुई। शाम साढे़े छह बजे एक बार फिर बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक आकाश में बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी होने की संभावना है। कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक डाक्टर पीके सिंह ने बताया कि उमस व गर्मी के कारण कम दबाव का क्षेत्रफल बन जाने से बृहस्पतिवार-शुक्रवार को अच्छी बारिश होगी।
हाइवे पर जलभराव से परेशानी
शामली। थोड़ी सी बूंदाबांदी होने से लिलौन गांव में दिल्ली- शामली, सहारनपुर यमुनोत्री मार्ग पर सड़क में गड्ढा होने से मार्ग तालाब बन गया। जलभराव होने से आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय किसान मजदूूूर संयुक्त यूनियन के प्रदेश सचिव संजीव कुमार, जिलाध्यक्ष व लिलौन के गांव के रणधीर सिंह, प्रताप चौधरी, सलीम कोच, राशिद अली, रामवीर सिंह, हरेंद्र, राजेंद्र सिंह आदि ने कहा कि बारिश का पानी हाइवे के गड्ढे में भर जाने से आवागमन के दौरान लोगों को परेशानी हुई।