बिजली आई नहीं, भेज दिया कनेक्शन
कांधला।
कस्बे के ईदरीश वेग विहार कालोनी में विद्युत सप्लाई न होने के बावजूद बिल आने से लोगों में रोष व्याप्त है। इससे आक्रोशित बस्ती के लोगों ने हंगामा प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की है।
कस्बे के ईदरीश बेग विहार कॉलोनी में दंगे के बाद सैकड़ों लोगों ने अपने परिवार के साथ शरण ली थी। कुछ दिनों के बाद इन लोगों ने अपने मकान इसी बस्ती में बना लिए थे। बस्तीवासी उमेद, सुलेमान, शहजाद, रफीक, अहमद, सलमान आदि के अनुसार बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उनके आवास पर बिजली सुचारु नहीं हो पाई थी, लेकिन बस्ती में पोल न लगने उनके घरों में बिजली न आने के बाद भी उनके आवास पर मीटर लगा दिए गए और विभाग की ओर से बिल भेज दिए गए। इससे आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को बिजलीघर पर हंगामा प्रदर्शन करते हुए समस्या के समाधान की मांग की। बिजलीघर पर हंगामे की सूचना पर वहां पहुंचे जेई ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कर समस्या का समाधन किए जाने का आश्वासन दिया। बस्ती के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनके पास भेजे गए बिलों का रद्द करके उनकी बस्ती में सप्लाई सुचारु नहीं की गई तो बस्ती के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।