शामली। जिले में पांच बूथों पर दोबारा मतदान कराने के फैसले के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी चाक चौबंद कर ली है। इस बार पूर्व में मौजूद फोर्स के साथ ही और अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है, ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं हो सके। इसके साथ ही यमुना पर सील बॉर्डर भी ज्यों के त्यों रहेंगे।
कैराना लोकसभा उपचुनाव के लिए 28 मई को जिले में मतदान हुआ था। कई जगह वीवी पैट मशीन खराब होने के कारण मतदान प्रभावित हुआ। गठबंधन के नेताओं ने मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की थी। इसके बाद कुछ बूथों पर दोबारा चुनाव होने की आशंका शुरूहो गई थी। इसके बाद एसपी के आदेश पर चुनाव ड्यूटी में लगी फोर्स को रोक लिया गया था। 12 घंटे से चल रही इस ऊहापोह की स्थिति को चुनाव आयोग ने मंगलवार की दोपहर कैराना लोकसभा के 73 बूथों पर दोबारा चुनाव कराने का निर्णय लेकर साफ कर दिया। इनमें कैराना लोकसभा क्षेत्र के पांच बूथ भी शामिल है। इन पांचों बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में एसपी ने एसओ थानाभवन कृष्ण कुमार, शहर कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा और कांधला थानाध्यक्ष ओपी चौधरी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा साफ किया कि अर्द्घसैनिक बलों के साथ-साथ अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए।
एसपी और एएसपी करेंगे पांचों बूथों की मॉनिटरिंग
पांचों बूथों पर निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान कराने के लिए एसपी ने साफ कर दिया कि किसी प्रकार की अराजकता नहीं होने दी जाएगी। सीओ और एसओ बूथों पर भ्रमणशील रहेंगे। साथ ही एसपी और एएसपी भी पांचों बूथों के चुनाव पर नजर रखेंगे। मानक के अनुसार जो फोर्स तैनात होनी चाहिए उतनी फोर्स तो रहेगी ही, साथ ही अतिरिक्त फोर्स भी लगाई जाएगी। निष्पक्षता से चुनाव संपन्न कराया जाएगा। - देवरंजन वर्मा, एसपी।