रंगदारी के आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर
कैराना। कैराना में सराफा व्यापारी से रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने भी मंगलवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया।
कैराना कस्बा निवासी सराफा व्यापारी रामअवतार से मार्च 2017 में कुख्यात फुरकान ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में फुरकान के साथ ही कैराना कस्बा के मोहल्ला आलकलां निवासी आसिफ को भी आरोपी बनाया गया था। आरोपी फुरकान को पुलिस ने अप्रैल 2017 में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, लेकिन आसिफ तब से फरार चल रहा था। वहीं, मंगलवार को आरोपी आसिफ ने रंगदारी की धमकी और साजिश रचने के मामले में खुद ही कैराना स्थित न्यायालय में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपी आसिफ को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।