बिजली कर्मी निकालेंगे छह को निकालेंगे मशाल जुलूस
शामली।
पावर कार्पोरेशन के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति छह अप्रैल को बाइक रैली निकालेगी तथा आठ अप्रैल को मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इस संबंध में जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।
बुधवार को विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कलक्ट्रेट में पहुंचे। इस दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को ज्ञापन देकर कहा कि पावर कार्पोरेशन के निजीकरण से प्रदेश की जनता को नुकसान होगा और विद्युत विभाग में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों पर भी संकट आ जाएगा। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के शामली अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि निजीकरण के विरोध में छह अप्रैल को अपराह्न तीन बजे से पांच बजे तक बाइक रैली निकाली जाएगी, जो कैराना रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय से शुरू होकर विजय चौक, शिव चौक, गुरुद्वारा तिराहा होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचकर समाप्त होगी। इसके बाद आठ अप्रैल को मशाल रैली निकाली जाएगी, जो शाम छह बजे अधीक्षण अभियंता कार्यालय से शुरु होकर विजय चौक, शिवचौक, भिक्की मोड, भैंसवाल बस स्टैंड होते हुए मंडी बिजलीघर पर पहुंचकर समाप्त होगी। वहीं, कांधला में 20 मार्च को उपखंड अधिकारी के साथ सपा नेता के पुत्र द्वारा अभद्रता किए जाने के मामले में कार्रवाई न होने पर रोष जताया गया। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि मामले में कांधला थाना पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे पीड़ित उपखंड अधिकारी भयभीत है। इस दौरान एके सिन्हा, अरशद अली, ब्रजमोहन, अतुल यादव, भानूप्रताप कुशवाहा, अरविंद तोमर, अरुण कुमार, सहदेव, संजय कुमार, हरेंद्र कुमार, शिवकुमार, अशोक और संजीव आदि मौजूद रहे।