दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कस्बा कांधला में ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। कांधला सीएचसी में उपचार कराने के बाद युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव जसाला निवासी ओमपाल और प्रवीण रविवार सुबह बाइक से कांधला आ रहे थे। जब वह दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर किवाना मोड़ के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसी दौरान आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल ओमपाल और प्रवीण को कांधला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी। घायलों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि मामले को लेकर कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।